गया। गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के दखिनगांव गांव में शनिवार को हुए डबल मर्डर केस में मृतक कुणाल सिंह के चाचा गुड्डू सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य आरोपी नीतीश कुमार अब भी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस दोहरे हत्याकांड की जड़ पारिवारिक जमीन विवाद को बताया जा रहा है। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी पैदा कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?

शनिवार को दोपहर में दखिनगांव गांव में अशोक सिंह और उनके बेटे कुणाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अशोक सिंह अपने घर में बेड पर थे, जब आरोपी नीतीश कुमार, जो कि अशोक सिंह का भतीजा है, घर में घुसा और उन्हें गोली मार दी। इसके बाद नीतीश वहां से भागते हुए खेत की ओर गया, जहां अशोक सिंह का बेटा कुणाल सिंह पास के टुलु पंप के पास खड़ा था। नीतीश ने उसे भी गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुड्डू सिंह की गिरफ्तारी, नीतीश अब भी फरार

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना में नीतीश कुमार अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ कुछ अन्य पारिवारिक सदस्य भी संलिप्त थे। इन्हीं में से गुड्डू सिंह, जो कि मृतक कुणाल के चाचा हैं, को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुड्डू सिंह की भूमिका हत्या की साजिश और सहयोग देने में रही है, ऐसा पुलिस सूत्रों का कहना है। मुख्य आरोपी नीतीश कुमार अब भी फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार दबिश दे रही है।
मृतक अशोक सिंह के परिवार में पांच भाई हैं, और जमीन को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद ने अंततः विवाद को हिंसक रूप दे दिया, जिसका परिणाम पिता-पुत्र की हत्या में हुई। कुणाल सिंह दिल्ली में पढ़ाई करता था, और वह शनिवार को ही वापस दिल्ली लौटने वाला था। लेकिन उससे पहले ही उसकी और उसके पिता की जिंदगी छीन ली गई।

घटना के तुरंत बाद वजीरगंज थानाध्यक्ष, एसडीपीओ, एएसपी, और फिर एसएसपी आनंद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, ग्रामीणों से पूछताछ की, और पुलिस टीम को निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कई पहलुओं की जांच की जा रही है, और जल्द ही मुख्य आरोपी नीतीश की गिरफ्तारी की उम्मीद है।