Wednesday, July 15

गया। गया रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। यह घटना दोपहर में प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर उस समय हुई जब सिकंदराबाद से आई ट्रेन से उतरी महिला यात्री को गंभीर लेबर पेन शुरू हुआ। आसपास मौजूद यात्रियों ने तुरंत आरपीएफ को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला की जान बचाई और प्लेटफॉर्म पर ही सुरक्षित प्रसव कराया।

आरपीएफ प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि महिला की पहचान तब्बू परवीन (24 वर्ष), पति आज़ाद आलम, निवासी भालुआ, थाना चकंद, गया के रूप में हुई है। महिला ट्रेन से सफर कर रही थीं और स्टेशन पर पहुंचते ही उन्हें प्रसव पीड़ा हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ उप निरीक्षक मोनिका कुमारी ने तुरंत रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम को बुलाया और मौके पर जरूरी प्रबंध किए।

डॉक्टरों की टीम और महिला आरपीएफ स्टाफ के सहयोग से प्लेटफॉर्म पर ही सुरक्षित डिलीवरी कराई गई। इसके बाद जच्चा और बच्चा दोनों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को पूरी तरह स्वस्थ बताया है।

“जिंदगीभर नहीं भूलूंगी ये मदद” – तब्बू परवीन

डिलीवरी के बाद तब्बू परवीन और उनके परिजनों ने भावुक होकर आरपीएफ अधिकारी मोनिका कुमारी, रेलवे अस्पताल की डॉक्टर टीम और पूरे सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “अगर समय पर मदद नहीं मिलती तो कुछ भी अनहोनी हो सकती थी। मैं ये मदद जिंदगीभर नहीं भूलूंगी।”

मानवता और सेवा का परिचय

गया स्टेशन पर आरपीएफ और रेलवे मेडिकल टीम की त्वरित कार्रवाई की हर ओर सराहना हो रही है। रेलवे अधिकारियों ने भी इस कार्य को उत्कृष्ट सेवा का उदाहरण बताया है। स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी टीम की कार्यशैली को सराहा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version