Wednesday, July 15

गया में रामकथा के आयोजन को लेकर दिए संकेत, फिलहाल तिथि स्पष्ट नहीं

गया। प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत और रामकथा प्रवचनकर्ता मुरारी बापू रविवार को गया पहुंचे। उनका यह आगमन शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी परिवार डालमिया के निजी आमंत्रण पर हुआ। वे वर्तमान में राजगीर में चल रहे अपने प्रवचन कार्यक्रम से लौटते समय थोड़े समय के लिए गया आए और गांधी मैदान स्थित डालमिया निवास पर विश्राम किया।

बापू के आगमन को लेकर डालमिया परिवार की ओर से पारंपरिक रीति से स्वागत किया गया। परिवार के सदस्यों ने उनका चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान बापू के साथ उनके कई सहयोगी और अन्य संत भी उपस्थित थे।

परिवार की ओर से उन्हें गया की पारंपरिक मिठाइयों के साथ अल्पाहार परोसा गया। उनके स्वागत के लिए आवास परिसर को फूलों से सजाया गया था तथा वातावरण में भक्ति संगीत की ध्वनि गूंज रही थी।

डालमिया परिवार ने इस अवसर पर मुरारी बापू से गया में पुनः रामकथा आयोजन का अनुरोध किया। इस पर बापू ने कहा कि वह जल्द ही गयाजी आएंगे, हालांकि यह स्पष्ट किया कि यह आयोजन इस वर्ष नहीं होगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में मुरारी बापू ने गया में रामकथा का प्रवचन किया था।

बापू का यह प्रवास पूरी तरह निजी था और इसमें किसी सार्वजनिक कार्यक्रम की घोषणा नहीं की गई। दर्शन का अवसर प्राप्त कर श्रद्धालु प्रसन्न नजर आए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version