Wednesday, July 15

Gaya: भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए गया जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में एक बार फिर बदलाव किया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला दण्डाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने धारा-163 के तहत नया आदेश जारी किया है, जो 20 मई से प्रभावी हो चुका है और 31 मई 2025 तक लागू रहेगा।

नए आदेश के अनुसार, प्री-स्कूल से कक्षा 8 तक की कक्षाएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक और कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 11 बजे तक संचालित होंगी। यह निर्देश जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों पर लागू होगा।

जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधनों को निर्देश दिया है कि वे इस समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करें। यह कदम भीषण गर्मी के कारण बच्चों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को कम करने के लिए उठाया गया है। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को निर्धारित समय पर ही स्कूल भेजें और गर्मी के इस दौर में उनकी देखभाल में अतिरिक्त सावधानी बरतें।

पहले भी 16 मई से 19 मई तक स्कूलों के समय में बदलाव किया गया था, लेकिन मौसम में सुधार न होने के कारण प्रशासन ने यह नया कदम उठाया है। जिला प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सेहत और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

फर्स्ट वॉयस न्यूज, गया

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version