Wednesday, July 15

बेलागंज (गया): गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र स्थित लालगंज गांव में मंगलवार रात को बड़ी लूट की घटना सामने आई है। करीब 12 की संख्या में रहे अपराधी रात करीब 1 बजे पुलिस की वर्दी में गांव के एक घर में घुसे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए घरवालों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद घर में रखे गहने, नकदी और कीमती सामान समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए

घटना के पीड़ित प्रवीण कुमार ने बुधवार को बेलागंज थाना में आवेदन देकर बताया कि अपराधी हथियारों से लैस थे। उन्होंने पहले दरवाजा खटखटाकर खुद को पुलिस बताया और जब दरवाजा खुला, तो सभी तेजी से अंदर घुस गए। परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और पूरी संपत्ति लूट ली। इस वारदात के बाद लालगंज गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस वर्दी में आए अपराधियों से अब पहचान करना मुश्किल हो गया है।

थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, और अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। यह घटना न केवल पीड़ित परिवार के लिए, बल्कि पूरे गांव के लिए गहरी चिंता का विषय बन गई है। लोग अब अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version