जहानाबाद | मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को अचानक जहानाबाद जिले के ऐतिहासिक वाणावर पहाड़ पहुंचे। लगभग दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेले की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए पातालगंगा क्षेत्र सहित पहाड़ी इलाके का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि मेला आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने पातालगंगा की सीढ़ियां चढ़कर पहाड़ी क्षेत्र का भी जायजा लिया और वहां जारी रोपवे निर्माण सहित अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से काम की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

वाणावर पहाड़ आगमन पर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने पौधा भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान जदयू के कई स्थानीय नेता और ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष सड़क निर्माण सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को रखा, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने 20 वर्षों के शासनकाल में पहली बार वाणावर पहाड़ पहुंचे हैं। इस ऐतिहासिक स्थल पर उनकी यह पहली यात्रा बताई जा रही है, जहां उन्होंने विकास कार्यों की स्थिति को नजदीक से देखा और भविष्य की योजनाओं पर फोकस करने की बात कही। मुख्यमंत्री के इस औचक दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और आमजन में उत्साह का माहौल रहा।