
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सण्डेश्वर गांव के एक जवान की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सण्डेश्वर गांव निवासी आईटीबीपी (Indo-Tibetan Border Police) के जवान रंजीत कुमार उर्फ लालू कुमार की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार 4 मार्च को रंजीत कुमार छुट्टी बिताने के बाद अपने ड्यूटी पर जा रहा था , इसी दौरान गया शहर के ग्रीन फील्ड स्कूल के समीप बाइक से जाते समय उनकी सड़क दुर्घटना हो गई थी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि वे बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पारस हॉस्पिटल रेफर कर दिया। पटना के पारस हॉस्पिटल में पिछले कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। आखिरकार शनिवार 7 मार्च को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर उनके पैतृक गांव सण्डेश्वर पहुंची, परिवार सहित पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक जवान रंजीत कुमार उर्फ लालू कुमार, पिता रामपति यादव, आईटीबीपी में कार्यरत थे और वर्तमान में उतर प्रदेश के रायबरैली में तैनात थे। वे छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे और छुट्टी बिताने के बाद अपने ड्यूटी पर वापस जा रहे थे इसी दौरान यह दुखद हादसा हो गया। लालू कुमार की असमय मौत से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरा गांव और क्षेत्र स्तब्ध है। गांव के लोगों ने बताया कि वे बेहद मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे। देश की सेवा करने वाले एक युवा सिपाही के इस तरह असमय चले जाने से इलाके में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।











