
अतरी थाना क्षेत्र के सीढ़ पंचायत में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक महिला का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। जानकारी के मुताबिक, महिला को गोली मारकर हत्या की गई है। घटना टेउसा–मानपुर मुख्य मार्ग से सीढ़ गांव जाने वाले सुनसान रास्ते की है। बताया जा रहा है कि मृतका सीढ़ गांव निवासी श्याम ठाकुर की 30 वर्षीय पत्नी थी। महिला मंगलवार की शाम टेउसा बाजार गई थी और देर रात लौटते वक्त यह वारदात हुई। सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे महिला का शव देखा तो मौके पर हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही मौके पर डीएसपी और अतरी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।
वहीं, हत्या का आरोप पति पर लगा है। पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि पति पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दो बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत हो चुकी है। इसके बावजूद मामला नहीं सुलझा। विवाद का कारण पति का अवैध संबंध है।
श्याम ठाकुर की अपनी मां नहीं है। उसके पिता ने कुछ साल पहले दूसरी शादी की थी। गांव में ऐसी चर्चा है कि सौतेली मां से ही उसका अवैध संबंध है। टेउसा बाजार सामान खरीदने गई थी। लौटते समय गोली मारकर फरार हो गया।
पापा रात में 3 बजे घर से भाग गए
वहीं, पुत्र शिवम कुमार ने बताया कि मंगलवार को दोपहर बाद मम्मी को लेकर पापा बाजार गए थे। रात 9 बजे अकेले घर लौटे। मम्मी के बारे में पूछने पर कहा कि वो तो आ गई है। फिर कहा कि पीछे से आ रही है। कुछ देर बाद कहने लगे की चलो नानी के घर छोड़ देता हूं। मैंने जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद रात 3 बजे घर से भाग गए। दिवाली से 5 दिन पहले घर में पिस्तौल देखा था। पापा ने ही रखा था।
नजदीक से गोली मारी गई है
डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जांच चल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हत्या का कारण पति पत्नी के बीच चला आ रहा विवाद है। पूर्व में भी दोनों के बीच पंचायती हो चुकी है। महिला की पीठ में एक गोली नजदीक से मारी गई है।











