गया (बिहार)। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के दखिनगांव गांव में शनिवार को दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जमीन विवाद को लेकर पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान अशोक सिंह और उनके बेटे कुणाल सिंह के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि दोनों की हत्या उनके ही रिश्तेदार द्वारा की गई है। आरोपी की पहचान मृतक अशोक सिंह के भतीजे नीतीश कुमार के रूप में हुई है, जो घटना के बाद से फरार है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अशोक सिंह हाल ही में पैर की सर्जरी के बाद घर में आराम कर रहे थे। शनिवार दोपहर को उनका भतीजा नीतीश कुमार घर में दाखिल हुआ और कथित रूप से गोली मार दी। इसके बाद वह घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत की ओर गया, जहां अशोक सिंह का बेटा कुणाल सिंह टुलु पंप के पास खड़ा था। वहां भी आरोपी ने कुणाल को गोली मार दी। कुणाल दिल्ली में पढ़ाई करता था और छुट्टी में घर आया हुआ था। शनिवार को ही वह वापस दिल्ली लौटने वाला था।
घटना की सूचना मिलते ही वजीरगंज थानाध्यक्ष व्यंकटेश झा मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी और एसडीपीओ वजीरगंज के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया है। साथ ही एफएसएल टीम और तकनीकी विशेषज्ञों को भी मौके पर भेजा गया है, जो वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र कर रही है।
स्थानीय लोगों और परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ी है। आरोपी और मृतक के परिवार के बीच पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस ने गांव के कई लोगों से पूछताछ की है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों शवों को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेजकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।