Wednesday, July 15

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 15 जिलों की 43 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। इस चरण में 1.37 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के दौरान एक घटना में लातेहार जिले के छिपादोहर में चुनाव ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ जवान संतोष कुमार यादव घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें रांची रेफर कर दिया है, जहां उन्हें भर्ती कराने की तैयारी चल रही है। घटना की स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Photo Source: Etv Bharat

इस चरण में कुल 683 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनमें से 43 महिलाएं हैं। इस चरण की 43 सीटों में कोल्हान की 14, दक्षिणी छोटानागपुर की 13, पलामू की 9 और उत्तरी छोटानागपुर की 7 सीटें शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य की 28 आरक्षित आदिवासी सीटों में से 20 सीटों पर भी इसी चरण में मतदान हो रहा है, जहां महिला वोटरों की संख्या अधिक है। अनुसूचित जाति की आरक्षित 9 सीटों में से 6 सीटें भी पहले चरण में शामिल हैं।

चुनाव में कई प्रमुख चेहरे भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और उनके बेटे बाबूलाल सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा, मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा, रघुवर दास की बहू पूर्णिमा साहू, मंत्री मिथिलेश ठाकुर, मंत्री रामेश्वर उरांव, रांची के विधायक सीपी सिंह और जेएमएम की राज्यसभा सांसद महुआ माजी शामिल हैं। राज्य की कुल 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव दो चरणों में होंगे, जिसमें दूसरा चरण 20 नवंबर को संपन्न होगा।

पिछले चुनाव के परिणाम पर नजर डालें तो पहले चरण की इन 43 सीटों में से 29 सीटों पर यूपीए (अब INDIA) ने जीत दर्ज की थी, जबकि एनडीए सिर्फ 14 सीटों पर सिमट गया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version