Wednesday, July 15

फतेहपुरवजीरगंज मुख्य मार्ग स्थित डाक बाबा देवता के समीप देर रात हुए सड़क हादसे में सोमवार सुबह एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल मिला। मृतक की पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र के सोहजना गांव निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। घायल युवक सतीश कुमार, जो उसी गांव का रहने वाला है, को पुलिस की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर किया गया है।

परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार, लिखित देकर शव लिया

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वजीरगंज थाना पुलिस ने कई बार आग्रह किया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाए, ताकि दुर्घटना का कारण स्पष्ट हो सके, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए। बाद में परिजनों से लिखित अनुरोध लेकर पुलिस ने शव सौंप दिया।

परिजनों के अनुसार, कमलेश रविवार रात करीब 9 बजे अपने साथी सतीश के साथ वजीरगंज थाना क्षेत्र के मौलानगर स्थित सतीश के ससुराल जाने के लिए निकला था। ससुराल पहुँचने से लगभग एक किलोमीटर पहले ही उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।

20 फीट नीचे खेत में गिरी बाइक, रातभर पड़ा

घायल सतीश ने बताया कि डाक बाबा मोड़ के पास अचानक आए एक चारपहिया वाहन के चकमा से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट नीचे खेत में गिर गई। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सतीश के अनुसार, दुर्घटना के समय कमलेश जिंदा था। दोनों रातभर ठंड में पड़े रहे, लेकिन अंधेरा और सुनसान सड़क की वजह से किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। सतीश ने यह भी बताया कि एक पुलिस गश्ती वाहन रात में वहां से गुजरा, लेकिन नीचे गिरे होने के कारण उन्हें देख न सका।

सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ी, तब शुरू हुई मदद

सोमवार सुबह रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़ी, जिसके बाद घायल सतीश को अस्पताल पहुँचाया गया और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों की पुष्टि की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version