Wednesday, July 15

औरंगाबाद। मुजफ्फरपुर में 11 साल की दलित बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और इलाज में लापरवाही के कारण हुई उसकी मौत ने पूरे बिहार को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना के खिलाफ राज्यभर में जनाक्रोश फूट पड़ा है। सोमवार को औरंगाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका और सरकार पर विफलता का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र यादव के नेतृत्व में यह मार्च कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर रमेश चौक तक पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं।

“बेटी बचाओ सिर्फ नारा बनकर रह गया है”

कांग्रेस महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष गायत्री देवी ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार में बेटियां सबसे असुरक्षित हैं। नारी सशक्तिकरण और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियान सिर्फ दिखावा हैं। यहां बेटियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।”

इलाज में लापरवाही, चार घंटे तक एंबुलेंस में तड़पती रही बच्ची

घटना 26 मई की है, जब मुजफ्फरपुर में 11 वर्षीय दलित बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ। दरिंदे ने उसके गले, सीने और पेट पर चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया। लेकिन वहां भी हालात बेहाल रहे। चार घंटे तक बच्ची एंबुलेंस में पड़ी रही, किसी ने इलाज नहीं किया। अंततः कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की पहल पर उसे भर्ती किया गया, लेकिन रविवार को उसकी मौत हो गई।

“बिहार में महा-जंगलराज, नीतीश कुमार दें इस्तीफा”

कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “11 साल की मासूम बच्ची के साथ जो हुआ, वह अमानवीय है। चाकू से हमला कर उसकी जान ली गई और इलाज के नाम पर उसे तड़पाया गया। बिहार में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। यहां महा-जंगलराज कायम हो चुका है। नीतीश कुमार को अब इस्तीफा देकर राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए।”

“दलित बच्चियों के साथ गैंगरेप, सरकार खामोश”

यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र पासवान ने कहा कि राज्य में अपराध अपने चरम पर है। “मुजफ्फरपुर में दलित बच्चियों के साथ गैंगरेप हो रहा है, और पटना जैसे शहर में इलाज के अभाव में मौत हो जाती है। सरकार सो रही है। अब वह इस घटना को दबाने की कोशिश कर रही है।”

वरिष्ठ नेता डॉ. अक्षय लाल पासवान ने कहा, “यह घटना पूरे बिहार को शर्मसार करने वाली है। हम दोषियों को सख्त सजा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरे प्रदेश में आंदोलन करेंगे।”

प्रदर्शन में जुटे कई कांग्रेस नेता

प्रदर्शन में महेंद्र यादव, गायत्री देवी, पंकज पासवान, अरविंद कुमार सिंह, संजय राम, नवीन शर्मा, सूर्यदेव यादव, बबलू सिंह, देवंती देवी, उदय पासवान, निर्मला देवी, बेबी सिंह, संजू देवी, अंजू देवी, सरिता देवी, विद्या देवी, रविंद्र सिंह और सुरेश सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version