Wednesday, July 15

गया। गया जिले के वजीरगंज और गहलौर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित करजरा मोड़ के पास मंगलवार सुबह एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव एक पहाड़ी के नजदीक संदिग्ध हालत में पड़ा मिला, जिसे देखकर राह चलते लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही गहलौर थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। युवती की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव समीज-सलवार पहने हुए है और उसके गले में दुपट्टे से फंसी हुई रस्सी जैसी गांठ देखी गई है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

जांच के दौरान पुलिस को शव के पास एक गमछा मिला है, जिससे कई तरह की अटकलें तेज हो गई हैं। वहीं, मृतका के पैर में बिछिया भी देखी गई है, जो यह संकेत देती है कि वह शादीशुदा हो सकती है।घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों का कहना है कि युवती की हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया है। हालांकि कुछ लोग आत्महत्या की आशंका भी जता रहे हैं, लेकिन मौके की स्थिति और गले में फंसा दुपट्टा हत्या की ओर इशारा करता है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

संयुक्त जांच में जुटी पुलिस, एफएसएल टीम भी बुलाई गई

वजीरगंज और गहलौर थाना की पुलिस इस मामले की संयुक्त रूप से जांच कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य एकत्र कर जांच को तकनीकी मजबूती देगी।

वजीरगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आसपास के थानों से मिसिंग रिपोर्ट की भी जांच की जा रही है। उनके अनुसार, “फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है। सच बहुत जल्द सामने आएगा।”

👉 घटना से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ, खबर लगातार अपडेट की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version