Wednesday, July 15

गया। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, मगध क्षेत्र, गया में बाल श्रम के खिलाफ एक महत्वपूर्ण शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह (भा.पु.से.) ने स्वयं भाग लिया और सभी पदस्थापित व प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल श्रम के विरुद्ध शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने यह संकल्प लिया कि वे न तो स्वयं कभी बाल श्रम का समर्थन करेंगे और न ही किसी भी रूप में इसे बढ़ावा देंगे। साथ ही सभी ने यह भी वचन दिया कि वे पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ बाल श्रम उन्मूलन के लिए कार्य करेंगे।

पुलिस महानिरीक्षक श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि “बाल श्रम समाज के भविष्य को अंधकारमय बनाता है। इसे समाप्त करने की दिशा में सभी नागरिकों को न सिर्फ जागरूक होना चाहिए, बल्कि प्रशासन को सहयोग भी देना चाहिए।”

कार्यक्रम के अंत में मगध पुलिस ने आमजन से भी अपील की कि वे किसी भी रूप में बाल श्रम को न प्रोत्साहित करें और यदि कहीं बाल श्रम होता हुआ देखें तो प्रशासन को तुरंत सूचित करें, ताकि बिहार को बाल श्रम मुक्त राज्य बनाने का सपना साकार किया जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version