गया। वजीरगंज थाना क्षेत्र में 7 जून को हुए दो पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी की घटना ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर दुष्कर्म की धाराएं जोड़ते हुए जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है, जिनमें से एक पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि दूसरा हाल ही में सरेंडर कर चुका है।
घटना के संबंध में वजीरगंज एसडीपीओ सुनील कुमार पांडे ने बताया कि 7 जून को एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई थी, जो धीरे-धीरे मारपीट और फायरिंग में तब्दील हो गई। पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विवाद का कारण समारोह में गीत-संगीत को लेकर उपजा तनाव था।
इस हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने वजीरगंज थाना में दो प्राथमिकी दर्ज की और कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से दो आरोपियों—आनंद पासवान और मनोज यादव—को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आनंद पासवान पर बीते वर्ष भी गंभीर आरोप लगे थे, जबकि मनोज यादव का भी आपराधिक इतिहास रहा है।
इसी प्रकरण से जुड़ी पीड़िता ने हाल ही में आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने महिला की मेडिकल जांच और बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। एसडीपीओ ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इधर, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) इस मामले में खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के प्रधान महासचिव संजय पासवान, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शोभा सिन्हा और जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह ने पीड़िता से मुलाकात की और मामले की जानकारी ली। नेताओं ने वजीरगंज पुलिस पर पीड़िता की अनदेखी और मामले को दबाने का आरोप लगाया। संजय पासवान ने कहा कि पीड़िता की हालत बेहद नाजुक है, वह बार-बार बेहोश हो जा रही है और अब तक पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई।
उन्होंने आरोप लगाया कि वजीरगंज थानाध्यक्ष की भूमिका पूरे मामले में संदिग्ध रही है। पासवान ने कहा कि थानाध्यक्ष न तो पीड़िता के परिजनों की सुनते हैं, न ही जनप्रतिनिधियों के फोन उठाते हैं। पार्टी ने इस मामले की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को देने की बात कही है और थानाध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।