Wednesday, July 15

औरंगाबाद, बिहार। जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में बुधवार को आसमानी बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय सुबोध राम के रूप में हुई है, जो खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार की दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवा चलने लगी। इसी दौरान सुबोध राम शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जो सीधे सुबोध राम को अपनी चपेट में ले गई। घटना ठीक उस जगह से कुछ ही दूरी पर हुई, जहां उनके परिजन खड़े थे।

परिजनों ने तत्काल उन्हें रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

घर का इकलौता कमाने वाला था सुबोध
सुबोध राम अपने पीछे दो बेटे, एक बेटी और पत्नी को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। खेती और मेहनत-मजदूरी से ही वे किसी तरह घर चला रहे थे। अब उनके असामयिक निधन से पूरा परिवार बेसहारा हो गया है।

अस्पताल पहुंचे परिजनों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि सुबोध ही पूरे परिवार के लिए सहारा थे, और अब उनके जाने से जीवन यापन बेहद कठिन हो गया है।

प्रशासन ने मुआवजा देने का आश्वासन दिया
रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं अंचलाधिकारी (सीओ) रामकुमार रमन ने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा से हुई मृत्यु है, और ऐसे मामलों में सरकारी प्रावधान के अनुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version