Wednesday, July 15

गया: जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। 10 जून को गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने तीन प्रमुख अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में कुख्यात अपराधी अजय कुमार उर्फ सल्लु यादव, वांछित नक्सली रामाशीष कुमार उर्फ आशीष टाइगर और अवैध स्प्रीट तस्कर रोहित कुमार शामिल हैं।

कुख्यात अपराधी सल्लु यादव की दबिश के बीच गिरफ्तारी

एसपी सिटी रामानंद कौशल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार चल रहे कुख्यात अपराधी अजय कुमार उर्फ सल्लु यादव बिहरगाई गाँव के पास मौजूद है। इसके बाद एसएसपी के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें आमस थाना अध्यक्ष और एसटीएफ अधिकारी शामिल थे। टीम ने बिहरगाई के पास घेराबंदी कर सल्लु यादव को पकड़ लिया।

सल्लु यादव पर आमस थाना के मोटरसाइकिल छीनने के मामले सहित लूटपाट, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पिछले साल भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस अभी भी इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

अवैध स्प्रीट तस्कर रोहित कुमार गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब बरामद

10 जून को पुलिस ने रोहित कुमार को 440 लीटर अवैध स्प्रीट के साथ गिरफ्तार किया। रोहित की कार से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई है। नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आमस थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम ने सावकला टोल प्लाजा के पास कार को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखकर आरोपी कार लेकर भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में रोहित ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ अवैध शराब की तस्करी करता है। उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वांछित नक्सली रामाशीष कुमार उर्फ आशीष टाइगर की गिरफ्तारी

गया पुलिस ने रामाशीष कुमार उर्फ आशीष टाइगर को भी आमस थाना क्षेत्र के बेलदारी टोला के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह उक्त क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस टीम के पहुंचने पर वह भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उसे पकड़ लिया गया।

आशीष टाइगर पर जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वह कई दिनों से फरार था। पुलिस अभी भी उसके साथ जुड़े अन्य अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version