Wednesday, July 15

नवादा: जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के मंझवे पहाड़ी के पास मंगलवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें गया निवासी कुख्यात बदमाश निखिल कुमार गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, यह मुठभेड़ उस समय हुई जब निखिल को हथियार बरामदगी के लिए पहाड़ी क्षेत्र में ले जाया जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार, निखिल को पुलिस ने गयाजी स्टेशन रोड के पास से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि उसने 25 जुलाई की रात हिसुआ के एक नामी इलेक्ट्रिक कारोबारी नीरज प्रकाश लाल के गोदाम और घर पर अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की थी। इस मामले में कुल सात लोगों के शामिल होने की पुष्टि हुई थी। हालांकि, घटना में प्रयुक्त हथियार अब तक बरामद नहीं हो सका था।

पुलिस टीम जब निखिल को हथियार की बरामदगी के लिए मंझवे पहाड़ी के पास ले गई, तो उसने झाड़ियों में छिपाए गए हथियार को निकालकर अचानक पुलिस पर फायरिंग कर दी। निखिल ने तीन गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किया। इसमें निखिल के दाहिने पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाश को तुरंत सदर अस्पताल नवादा में प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी वीआईएमएस, नालंदा रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अभिनव धीमान, एफएसएल टीम और एसटीएफ मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version