Wednesday, July 15

गया-दाउदनगर एनएच-120 पर गोह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कैथी नहर के समीप एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने यात्री शेड से जा टकराया। इस हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृत चालक की पहचान रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र के तरांव गांव निवासी 50 वर्षीय विनोद राम के रूप में की गई है। वहीं घायल महिला की पहचान नासरीगंज थाना क्षेत्र के धोवडीहा गांव निवासी बेबी देवी, पति हरेंद्र तिवारी के रूप में हुई है।

क्षतिग्रस्त यात्री शेड

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेबी देवी सोमवार की सुबह अपने ससुराल धोवडीहा से निजी वाहन महिंद्रा XUV-300 पर सवार होकर अपने ड्राइवर के साथ बंदेया थाना क्षेत्र के मलहद गांव स्थित मायके में अपने भतीजे की शादी समारोह में वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंची थीं। शनिवार को शादी समारोह सम्पन्न हुआ था और रविवार को बारात वापस लौटी थी। बेबी देवी सुबह कार्यक्रम में शामिल होकर दोपहर में घर लौट रही थीं।

कैथी नहर के समीप अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे यात्री शेड से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक विनोद राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेबी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही गोह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया। वहीं घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। परिजनों को भी तत्काल सूचना दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version