Wednesday, July 15

गया। बिहार के गया जिले में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। गया पुलिस ने मोचारिम गांव में चल रहे एक संगठित साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 24 मोबाइल फोन, पांच एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और आठ रजिस्टर भी बरामद किए हैं।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) रामानंद कौशल ने बताया कि 25 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि मोचारिम में साइबर ठगी का अड्डा संचालित हो रहा है। सूचना के आधार पर बोधगया डीएसपी और साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचते ही कुछ युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की तत्परता से सभी को मौके पर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार साइबर ठगों की पहचान उपेंद्र कुमार, विनय कुमार, सुनील कुमार वर्मा, मनीष कुमार (बाराचट्टी क्षेत्र), विराट जैकर (मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र), अभिषेक कुमार (गुरुआ थाना क्षेत्र), रौशन कुमार (बोधगया थाना क्षेत्र) और आजाद कुमार (रफीगंज, औरंगाबाद) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विदेश भेजने का झांसा देकर युवाओं से ठगी करते थे। वे विभिन्न साइट्स से डाटा खरीदकर फर्जी दस्तावेज बनाते और लोगों को फंसाते थे। सिटी एसपी ने बताया कि यह गिरोह रांची निवासी एक व्यक्ति के इशारे पर काम कर रहा था। फिलहाल, साइबर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version