Wednesday, July 15

गया। आमस थाना क्षेत्र के सांव बंगला इलाके में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। एक बंद घर में चल रही मुर्गा-शराब पार्टी के दौरान फायरिंग में 24 वर्षीय युवक चंदन मांझी की मौत हो गई। चंदन, अर्जुन मांझी का बेटा था और हाल ही में अपने ममेरे भाई की बारात से लौटकर आया था। इसके बाद उसने अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी की योजना बनाई थी, जो उसकी ज़िंदगी की आखिरी पार्टी बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के दौरान अचानक गोली चली, जो चंदन के सिर के पिछले हिस्से में जा लगी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली चलते ही मौजूद दोस्त घबरा गए। आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया।

मामले को दबाने की कोशिश, फिर शव छोड़कर भागे दोस्त

चंदन की मौत के बाद उसके दोस्तों ने काफी देर तक मामले को छिपाने की कोशिश की। लेकिन जब हालात संभाले नहीं गए, तो वे चंदन का शव उसी कमरे में छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों को जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

तीन दोस्तों समेत पांच हिरासत में, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चंदन के तीन दोस्तों समेत कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं, चंदन के परिजनों का आरोप है कि उसके दोस्तों ने पहले से ही साजिश रचकर उसकी हत्या की है।

सांव बंगला पहले भी रहा है विवादों में

गौरतलब है कि सांव बंगला इलाका पहले भी आपराधिक घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा है। कुछ साल पहले यहां के ही युवकों ने एक फेरीवाले को गोली मारकर लूट की कोशिश की थी, जिसके बाद कई युवक जेल गए थे। ऐसे में इलाके की छवि अपराध के अड्डे जैसी बनती जा रही है।

पुलिस बोले – शनिवार को होगा पूरे मामले का खुलासा

थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि घटना की जांच गंभीरता से की जा रही है और कई अहम सुराग मिले हैं। शनिवार को पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version