फतेहपुर: गया के फतेहपुर बाजार में बीती रात बेखौफ चोरों ने पुलिसिया गश्त को चुनौती देते हुए एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने फतेहपुर अंदर बाजार स्थित विष्णु ज्वेलर्स (जनार्दन बाबू की सोना-चांदी की दुकान) को निशाना बनाया और गैस कटर की मदद से दुकान के करीब 40 ताले काटकर अंदर प्रवेश किया। शातिर अपराधी दुकान से लगभग 2 किलो चांदी के आभूषण समेटकर फरार होने में कामयाब रहे।
गैस कटर से कटी ‘सुरक्षा की दीवार’

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है जब पूरा बाजार सन्नाटे में था। चोरों ने पूरी तैयारी के साथ चोरी की घटना को वारदात दिया। स्थानीय लोगों की माने तो चोरों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर एक-एक कर दुकान के सभी 40 तालों को काट दिया। इतनी बड़ी संख्या में ताले कटने की भनक न तो आसपास के लोगों को लगी और न ही रात्रि गश्ती दल को। चोरों ने दुकान के काउंटर को खंगाला और वहां रखे कीमती चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह खुला राज, बाजार में मचा हड़कंप
वारदात का पता गुरुवार सुबह तब चला जब आसपास के दुकानदारों ने दुकान के शटर और टूटे हुए ताले देखे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत दुकान मालिक और स्थानीय पुलिस को दी गई। दुकान के अंदर का मंजर देखकर हर कोई हैरान था, क्योंकि चोरों ने बेहद शातिराना तरीके से केवल कीमती सामानों को ही निशाना बनाया था।
पुलिसिया कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए दुकान को फिलहाल सील कर दिया है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया प्रारंभिक जांच में गैस कटर के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। चोरों ने करीब 40 ताले काटे हैं और लगभग 2 किलो चांदी के जेवर चोरी होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन का इंतजार है, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू की जाएगी।














