Wednesday, July 15

बेलागंज। बेलागंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर से पुलिस को चुनौती दे दी है। सोमवार को बेलागंज पेट्रोल पंप के समीप बाइक सवार दो उच्चकों ने एक महिला से दो लाख रुपये नकद और कीमती आभूषण से भरा पर्स झपट लिया और फरार हो गए। यह वारदात उस समय हुई जब महिला अपने पति के साथ बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रही थी।

घटना बिठरौरा गांव निवासी रूपा सिंह और उनके पति आमोद कुमार के साथ घटी। दोनों पति-पत्नी पंजाब नेशनल बैंक, बेलागंज से 2 लाख रुपये की निकासी कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। साथ ही, उन्होंने अपने किराए के मकान से स्वर्ण आभूषण भी पर्स में रख लिए थे।

जब वे बेलागंज के टिकारी मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवारों ने महिला पर किसी तरह का स्प्रे किया। उस समय उन्हें इसका एहसास नहीं हुआ। आगे स्थित पेट्रोल पंप पर उनके पति डीजल लेने के लिए रुके, जहां महिला को अचानक शरीर में खुजली महसूस हुई। इसी दौरान वह सड़क की ओर आई, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार उचक्कों ने उसके हाथ से पर्स झपट लिया और तेजी से फरार हो गए।

लूट के दौरान महिला को गिरने से हल्की चोटें भी आईं। घटना की जानकारी मिलते ही बेलागंज पुलिस हरकत में आई और अपर थानाध्यक्ष अरविंद किशोर के नेतृत्व में एक टीम ने अपराधियों की तलाश में आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू की। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। दिनदहाड़े लूट की यह वारदात क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते मनोबल और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version