Wednesday, July 15

बिहार के औरंगाबाद जिले में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अजकरवे हसौली गांव के समीप एनएच-19 लिंक रोड पर यह घटना हुई। मृतक की पहचान अमोला बिगहा गांव निवासी नीतीश ठाकुर (उम्र 36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो प्रतिदिन की तरह पिपरडीह में मजदूरी करने जा रहा था और सड़क किनारे गाड़ी का इंतजार कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिजनों ने बताया कि नीतीश ठाकुर आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से ताल्लुक रखते थे। वह अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे और 10 वर्ष पूर्व उनकी शादी हुई थी। उनके तीन बेटियां हैं, जो अब बेसहारा हो चुकी हैं। इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना पर जिप सदस्य अनिल यादव सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि धक्का मारने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version