Wednesday, July 15

गया (First Voice News)। गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टेउसा बाजार में शनिवार देर रात एक बड़ी चोरी की वारदात ने स्थानीय प्रशासन की नींद उड़ा दी। खिजरसराय के बाना गांव निवासी व्यवसायी रॉकी कुमार की ‘माँ जगदम्बा इलेक्ट्रॉनिक एंड फर्नीचर’ दुकान से चोरों ने करीब 6 लाख रुपये का सामान उड़ा लिया। यह वारदात रात करीब 1:30 बजे की है, जो दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी तरह कैद हो चुकी है।

https://firstvoicenews.com/wp-content/uploads/2025/05/VID-20250510-WA0008.mp4
वीडियो

फुटेज में साफ दिखता है कि चोर पहले दुकान की बिजली काटते हैं, फिर पिकअप वैन से पहुंचकर आराम से ताले तोड़ते हैं, और टीवी, कूलर, मिक्सी, पंखा, इन्वर्टर समेत महंगी सामग्री समेट कर फरार हो जाते हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी थाना से महज 5 किलोमीटर की दूरी पर हुई, फिर भी पुलिस 5 घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची।

इस लापरवाही से आक्रोशित स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों ने टेउसा बाजार के मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घटना स्थल पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।

एसडीएम गोपाल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ को जल्द से जल्द मौके पर पहुंचने और जाम हटवाने के निर्देश दिए। वहीं डीएसपी प्रकाश कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष को सुबह ही घटनास्थल पर भेजने का आदेश दिया गया था, लेकिन उन्होंने इस गंभीर मामले में गंभीर लापरवाही बरती है। उनके खिलाफ वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है। जब मामला मीडिया में उछला और प्रशासन की किरकिरी होने लगी, तब जाकर अतरी थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे, लेकिन व्यवसायियों को जबरन हटाने की कोशिश ने स्थिति और बिगाड़ दी।

बाद में एसडीएम गोपाल कुमार और डीएसपी प्रकाश कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे, लोगों से संवाद किया और सड़क जाम को शांतिपूर्वक हटवाया। हालांकि, यह पूरी घटना न केवल पुलिस की सुस्ती बल्कि व्यवस्थागत कमजोरी को भी उजागर करती है।

अब सवाल ये है—अगर बाजार के बीचोंबीच पुलिस के नाक के नीचे इस तरह की वारदात हो सकती है, तो आम लोग खुद को कैसे सुरक्षित समझें?

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version