Wednesday, July 15

औरंगाबाद: जिले के दाउदनगर प्रखंड के अरई गांव में शुक्रवार की दोपहर एक दुखद घटना में 60 वर्षीय वृद्ध की विषैले सांप के काटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी कंचन राम के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब वे पशुओं के लिए चारा (कुट्टी) ढोकर अपने घर लौट रहे थे।

परिजनों के अनुसार, कंचन राम बधार से चारे के लिए कुट्टी लेकर लौट रहे थे। उसी दौरान कुट्टी में छिपा एक विषैला सांप ने उन्हें डस लिया। सांप को वे देख नहीं पाए और जैसे ही उन्होंने कुट्टी उठाई, उसी समय उन्हें सांप ने काट लिया।

परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

हालांकि, मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और पारंपरिक झाड़-फूंक के लिए शव को ओझा-गुनी के पास लेकर चले गए।

इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बता रहे हैं और सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं, खासकर खेतों और बधारों में काम करते समय।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version