Wednesday, July 15

औरंगाबाद। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पोइवां गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि वारदात घर में मौजूद मासूम बच्चों के सामने हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 20 वर्षीय गीता कुमारी के रूप में हुई है, जो पोइवां गांव निवासी संतोष कुमार की पत्नी थी। दोनों की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं—तीन वर्षीय बेटी और दो वर्षीय बेटा।

आदतन शराबी था पति, पहले भी करता था मारपीट

परिजनों ने बताया कि संतोष कुमार आदतन शराबी है और पूर्व में भी नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करता रहा है। बुधवार रात भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। इसी दौरान संतोष ने अपना आपा खोते हुए गीता की गला दबाकर हत्या कर दी।

बेटी ने उठाया फोन, झूठ बोलकर अपने मामा को बुलाया

घटना की रात मृतका के भाई विकास कुमार मेहता ने गीता को कॉल किया था, जो उसकी तीन साल की बेटी ने उठाया। बच्ची ने बताया कि घर में चिकन बना है। जब विकास ने बहन से बात करने को कहा, तो गीता ने मना कर दिया। अगली सुबह संतोष ने विकास को फोन कर बताया कि उसकी बहन की तबीयत खराब है, आकर मिल लो। जब वह पोइवां गांव पहुंचा तो गीता मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी मिली। उसके गले पर चोट के स्पष्ट निशान थे।

मुफस्सिल पुलिस की कार्रवाई, एफएसएल टीम कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष ने मुफस्सिल थाना को सूचित किया। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा। आरोपी पति को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया है, जो साक्ष्य संकलन में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

उड़ीसा से लौटा था 5 दिन पहले, फिर रच दी हत्या की साजिश

परिजनों के अनुसार आरोपी संतोष कुमार उड़ीसा में मजदूरी करता था और घटना के महज पांच दिन पहले ही घर लौटा था। वह अपने भाइयों में सबसे छोटा है और पारिवारिक बंटवारे के बाद अलग रहता था। घटना का असली कारण क्या था, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version