Wednesday, July 15

गया। भीषण गर्मी के बावजूद जिले भर की महिलाएं अपने हक और अधिकारों को लेकर जागरूक होती दिख रही हैं। जिले के सभी प्रखंडों में शुक्रवार को 54 ग्राम संगठनों की मदद से महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। टिकारी और मोहनपुर प्रखंड की चार पंचायतों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि बाकी प्रखंडों में दो-दो ग्राम संगठनों के माध्यम से संवाद चला। खास बात यह रही कि 18 अप्रैल से शुरू हुए इस अभियान में हर दिन दो पालियों में दो पंचायतों में संवाद हो रहे हैं।

महिला संवाद का मकसद गांव की महिलाओं को एक ऐसा मंच देना है, जहां वे खुलकर अपनी बात रख सकें। इस संवाद में महिलाओं ने शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और अधिकारों जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। कुछ महिलाओं ने गांव की समस्याएं महिला संवाद ऐप के जरिए आयोजकों को नोट भी कराईं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बताया गया कि सरकार उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौन-कौन सी योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और क्रियान्वयन पर भी विस्तार से बात की गई। कई महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे वे अब अपनी बात खुलकर कहने लगी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version