Wednesday, July 15

गया जिले के चंदौती थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो अपराधी रविवार की देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह हादसा डोभी-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलागंज थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार में भाग रही उनकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। बेलागंज थाना की टीम मौके पर पहुंची और घायलों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे चंदौती क्षेत्र में एक व्यक्ति से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट कर फरार हो रहे थे, तभी दुर्घटना हो गई।

घायलों की पहचान धीरज कुमार (निवासी खरखुरा, गया) और सरेन कुमार (निवासी सरेन गांव, जहानाबाद) के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर अवस्था में एएनएमसीएच, गया में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बेलागंज थाना के अपर थानाध्यक्ष अरविन्द किशोर ने बताया कि लूटपाट और हथियार रखने के मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही इनके आपराधिक इतिहास की जांच भी की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version