Wednesday, July 15

गया (First Voice)। सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब चार वर्षों से फरार चल रहा कुख्यात नक्सली शिव कुमार सिंह भोक्ता आखिरकार STF और गया जिले की डुमरिया व छकरबंधा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी 25 मई 2025 को गोपनीय सूचना के आधार पर की गई, जो सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

शिव कुमार सिंह भोक्ता पर वर्ष 2021 में डुमरिया थाना क्षेत्र के मोनावार गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की नृशंस हत्या और उनके घर को डायनामाइट से उड़ाने का आरोप है। नक्सलियों ने इस हृदय विदारक घटना को गांव के अन्य ग्रामीणों के सामने अंजाम दिया था, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद से शिव कुमार भूमिगत हो गया था और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार लगी थीं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, डुमरिया थानाध्यक्ष को 25 मई को सूचना मिली कि वांछित नक्सली शिव कुमार सिंह भोक्ता अपने गांव कचनार (थाना छकरबंधा) आया हुआ है। तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित किया गया और STF के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम ने गांव में छापेमारी शुरू की। पुलिस टीम को देखते ही एक संदिग्ध व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा, जिसे चारों ओर से घेर कर दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान शिव कुमार सिंह भोक्ता, पिता जगदेव सिंह भोक्ता, निवासी कचनार, थाना छकरबंधा, जिला गया के रूप में की।

गिरफ्तार नक्सली पर डुमरिया थाना कांड संख्या 72/21, दिनांक 14.11.2021 के तहत हत्या, विस्फोटक अधिनियम, यूएपीए (UAPA) और एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। आरोप है कि 13 नवंबर 2021 की रात नक्सली संगठन के सदस्यों ने मोनावार गांव में हमला कर एक ही परिवार के चार लोगों को गोशाला में फांसी पर लटका दिया था और उनके घर को विस्फोटक से उड़ा दिया था। इस जघन्य अपराध को गांव के अन्य लोगों के सामने अंजाम दिया गया था, जिससे नक्सलियों के प्रति भय और आक्रोश दोनों फैल गया था।


वहीं इस मामले में अब तक पांच नक्सली पहले ही गिरफ्तार होकर न्यायिक हिरासत में भेजे जा चुके हैं, जबकि तीन अन्य को रिमांड पर लिया गया है। शिव कुमार सिंह भोक्ता की गिरफ्तारी से पुलिस को उम्मीद है कि नक्सली नेटवर्क के कई और अहम कड़ियों का खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई को जिला पुलिस और STF की बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे नक्सली गतिविधियों पर नकेल कसने में अहम मदद मिलेगी। गया एसएसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए इसे सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयासों का नतीजा बताया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version