
फतेहपुर थाना क्षेत्र में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और नशामुक्त माहौल में मनाने के उद्देश्य से गया जिला पुलिस ने शराब माफियाओं और नशेड़ियों के खिलाफ सघन अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में फतेहपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

फतेहपुर थाना कांड संख्या- 96/26 (दिनांक 19.02.26) के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधन) अधिनियम 2022 की धारा 37 के अंतर्गत पुलिस ने मायापुर निवासी अनिल सिंह पिता स्व. कृष्णदेव सिंह, सलैया कला टोला नवाडिह निवासी 22 वर्षीय शंकर चौधरी पिता स्व. महावीर चौधरी, ग्राम पोवा निवासी 47 वर्षीय दिलीप चौधरी पिता भगवात चौधरी, ग्राम बगोदर निवासी 40 वर्षीय जयराम महतो पिता अंगुन महतो और ग्राम तपसा निवासी 58 वर्षीय प्रेमण मांझी पिता जगेश्वर मांझी को गिरफ्तार किया है।

वहीं, एक अन्य बड़ी कार्रवाई में फतेहपुर थाना कांड संख्या- 97/26 (दिनांक 19.02.26) के तहत भी पाँच लोगों को दबोचा गया है। इसमें ग्राम तपसा निवासी 55 वर्षीय कुलदीप यादव पिता कुलेश्वर यादव, 45 वर्षीय रोहन कुमार पिता स्व. लट्टू यादव, 30 वर्षीय भालो यादव पिता जिवलाल यादव और 50 वर्षीय सुरेश ठाकुर पिता जागीर ठाकुर शामिल हैं। इनके साथ ही ग्राम पकरी निवासी 19 वर्षीय बबलू कुमार पिता भुटाली मांझी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि त्योहारों के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नशे के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं, मारपीट और घरेलू विवाद जैसी घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और सेवन में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि नशे के कारण क्षेत्र में आए दिन छोटी-बड़ी घटनाएं होती रहती थीं। पुलिस की सख्ती से अपराधियों में डर बना है और आम नागरिकों को राहत महसूस हो रही है। वहीं, प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब या नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का कहना है कि होली के दौरान गश्त और निगरानी और कड़ी की जाएगी। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि त्योहार भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जा सके।










