Wednesday, July 15

औरंगाबाद। शहर के शाहपुर मुहल्ला स्थित राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय के कर्मचारी लालमोहन यादव पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले को संज्ञान में लेते हुए मगध विश्वविद्यालय बोधगया ने गुरुवार को तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है। साथ ही, उन्हें अरवल जिले के एसबीएएन कॉलेज, दरहेटा-लारी में स्थानांतरित किया गया है। निलंबन आदेश के तहत आगामी आदेश तक उनका वेतन भुगतान भी रोक दिया गया है। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा जारी पत्र के माध्यम से दी गई।

वायरल ऑडियो बना कार्रवाई का आधार

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व एक कॉल रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी, जिसमें कथित तौर पर लालमोहन यादव एक व्यक्ति से छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ मामले में माफी मांगते सुनाई दे रहे थे। ऑडियो में उनसे सख्त लहजे में पूछताछ की जा रही थी, जबकि यादव खुद पर लगे आरोपों को स्वीकार करते नजर आ रहे थे। ऑडियो के वायरल होने के बाद छात्र संघ की टीम ने कॉलेज प्राचार्य से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

कॉलेज प्रशासन की चुप्पी के बाद छात्रों ने यूनिवर्सिटी से लगाई गुहार

कॉलेज स्तर पर न्याय न मिलने के बाद छात्रों की टीम ने मगध विश्वविद्यालय के कुलसचिव से संपर्क किया। छात्रों ने वायरल ऑडियो, फोटो और अन्य साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए पूरे मामले की गंभीरता से अवगत कराया। छात्रों की शिकायत पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए लालमोहन यादव को निलंबित कर दूसरे कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया और उनका वेतन भुगतान भी रोक दिया गया।

पहले भी विवादों में रहे हैं लालमोहन यादव

यह कोई पहला मौका नहीं है जब लालमोहन यादव पर अभद्रता के आरोप लगे हैं। पूर्व में भी उन पर छात्रों के साथ अमर्यादित व्यवहार और अनुशासनहीनता के आरोप लगते रहे हैं। कई बार छात्रों द्वारा कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन और आंदोलन किए गए, लेकिन कॉलेज प्रशासन की निष्क्रियता के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। पूर्व में उनका एक फोटो भी वायरल हुआ था, जिसमें वे ड्यूटी के दौरान शर्ट उतारकर छात्रों से उलझते नजर आए थे। ऑडियो वायरल होने के बाद से लालमोहन यादव महाविद्यालय से छुट्टी लेकर लापता हैं। उनसे संपर्क करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version