Wednesday, July 15

गया-कोडरमा रेलखंड के बसकटवा और नाथगंज स्टेशन के बीच मंगलवार की दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। दोपहर करीब 1:30 बजे घाट सेक्शन में भारी बारिश के कारण पहाड़ से मिट्टी, चट्टान और पेड़ की टहनियां अचानक डाउन लाइन पर आ गिरीं। घटना के समय गनीमत रही कि कोई ट्रेन ट्रैक से नहीं गुजर रही थी।ट्रैकमैन ने फौरन इस घटना की सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी। सुरक्षा के मद्देनज़र तत्काल परिचालन रोक दिया गया और गंझडी से राहत एवं बचाव टीम मौके पर भेजी गई। आरपीएफ भी घटनास्थल पर मुस्तैद रही। रेलकर्मी ट्रैक पर जमा मलबा हटाने में जुटे और करीब साढ़े चार बजे के बाद ही परिचालन बहाल किया जा सका। इस दौरान तीन घंटे तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। 12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस इस हादसे की चपेट में आ सकती थी। ट्रेन 1:35 बजे बसकटवा होकर गुजरने वाली थी, लेकिन पहाड़पुर स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से करीब दस मिनट की देरी से पहुंची। इसी देरी की वजह से बड़ा हादसा टल गया। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही ट्रेन को गुरपा और बसकटवा के बीच रोक दिया गया। लैंडस्लाइड की वजह से कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। राजगीर-कोडरमा एक्सप्रेस गुरपा में, आरा-रांची एक्सप्रेस पहाड़पुर में, जबकि कोसी-हटिया एक्सप्रेस गया स्टेशन पर खड़ी रही। यात्रियों को तीन घंटे तक इंतज़ार करना पड़ा, लेकिन मलबा हटने और ट्रैक क्लियर होने के बाद सभी ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version