Wednesday, July 15

गया। नीमचक बथानी प्रखंड के नईली पंचायत के कबीरपुर गांव में शुक्रवार रात हुई गोलीकांड में घायल मोहम्मद फैयाज (40 वर्ष) की शनिवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मृतक अपने घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली मार दी।

घटना का विवरण
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात लगभग 9 बजे मोहम्मद फैयाज गांव के समीप स्थित डैम से टहलकर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से छिपे अज्ञात हमलावरों ने नजदीक से फायरिंग कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया पहुंचाया, जहां करीब 24 घंटे तक जीवन-मौत से जूझने के बाद शनिवार रात उनकी मृत्यु हो गई।

घटनास्थल की जांच करते पुलिस अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नीमचक बथानी और सरवहदा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। वहीं इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस संबंध में सरवहदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version