Wednesday, July 15

गया। टेउसा बाजार में शनिवार देर रात हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस प्रशासन की सख्ती अब सामने आने लगी है। अतरी थानाध्यक्ष को बड़ी लापरवाही के कारण लाइन हाजिर कर दिया गया है, जिसकी पुष्टि आज गया के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनवर जावेद ने की।

ASP अनवर जावेद ने स्पष्ट कहा कि चोरी की इतनी बड़ी घटना के बाद भी थानाध्यक्ष ने समय पर मौके पर पहुंचना जरूरी नहीं समझा, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उन्हें तत्काल जांच के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा, “थानाध्यक्ष की ओर से घोर लापरवाही बरती गई है, इसलिए उन्हें लाइन हाजिर किया गया है और आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रस्तावित है।”

गौरतलब है कि 11 मई की रात लगभग 1:30 बजे खिजरसराय के बाना गांव निवासी रॉकी कुमार की ‘माँ जगदम्बा इलेक्ट्रॉनिक एंड फर्नीचर’ दुकान से चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया था। CCTV फुटेज में पूरी वारदात कैद है, जिसमें चोर दुकान की बिजली काटकर, पिकअप वैन से पहुंचते हैं और इत्मीनान से ताला तोड़कर टीवी, कूलर, पंखा, इन्वर्टर, मिक्सी जैसे कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं।

चौंकाने वाली बात यह रही कि थाना से महज 5 किलोमीटर की दूरी पर यह घटना हुई, लेकिन पुलिस सूचना मिलने के 5 घंटे बाद तक नहीं पहुंची। इससे नाराज व्यापारियों और ग्रामीणों ने टेउसा बाजार के मुख्य मार्ग को कई घंटे तक जाम कर दिया।

आज प्रशासन ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अतरी थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह नेहा कुमारी को अस्थायी रूप से थाने का प्रभार सौंपा गया है। डीएसपी प्रकाश कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष पर इससे पहले भी बिना जांच के एक पत्रकार पर SC/ST एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने का आरोप था, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति भी नहीं ली गई थी। आज की यह कार्रवाई पुलिस महकमे में एक स्पष्ट संदेश है कि लापरवाही और अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version