
फतेहपुर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर फतेहपुर थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अंचलाधिकारी अमिता सिन्हा एवं अपर थाना प्रभारी रामकृपाल यादव ने की।
बैठक में प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उपस्थित प्रमुख लोगों में पूर्व जिला पार्षद नागेंद्र यादव, मुखिया दरोगी यादव, मुखिया राजू यादव, मुखिया प्रतिनिधि रहीश यादव, मुखिया दिलीप यादव सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभी से अपील की कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह, नशाखोरी, हुड़दंग या अशांति फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
अंचलाधिकारी अमिता सिन्हा ने कहा कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें आम लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है। वहीं अपर थाना प्रभारी रामकृपाल यादव ने कहा कि शराब पीकर हुड़दंग करने वालों, तेज आवाज में डीजे बजाने और आपसी विवाद पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए जागरूक करेंगे। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या या अप्रिय स्थिति की सूचना तुरंत थाना प्रशासन को देने की अपील की गई।












