Wednesday, July 15

गया। जिला पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही रोक दिया। इस कार्रवाई में सात बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से देसी कट्टा, रायफल, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कार्रवाई बोधगया और मगध मेडिकल थाना की संयुक्त टीम ने की।

बोधगया डीएसपी धर्मवीर भारती ने बताया कि बीती रात बोधगया थाना क्षेत्र के दोमुहान इलाके में वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवकों को रोका गया। पूछताछ और तलाशी के बाद उनकी पहचान गौरव कुमार, अर्जुन कुमार, नितीश कुमार और सूरज कुमार के रूप में हुई, जो सभी सूरजपुरा, बोधगया के निवासी हैं।

मोबाइल में मिली हथियारों की तस्वीरें, फिर हुआ भंडाफोड़

पुलिस ने जब इन युवकों के मोबाइल की जांच की, तो उनमें हथियारों की तस्वीरें मिलीं। सख्ती से पूछताछ करने पर युवकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुछ हथियार छिपा रखे हैं। इस सूचना के आधार पर मगध मेडिकल थाना पुलिस को अलर्ट किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने खिरियावां गांव में छापेमारी कर दो देसी कट्टा और एक देसी रायफल बरामद किया।

विनोवा नगर से पकड़े गए तीन और आरोपी

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने विनोवा नगर में भी छापेमारी की, जहां से मनीष कुमार, गोलू कुमार और पवन उर्फ चूचू को हिरासत में लिया गया। पवन के घर की तलाशी में एक और देसी कट्टा और 8 एमएम का एक खोखा बरामद किया गया।

लूट और छिनतई में सक्रिय था गिरोह

डीएसपी धर्मवीर भारती ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी एक संगठित गिरोह से जुड़े हैं, जो क्षेत्र में राहगीरों से लूट, छिनतई और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अपराध की योजना बनाते समय ये लोग हथियारों का इस्तेमाल कर लोगों को धमकाते थे।

फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ मगध मेडिकल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। इस सिलसिले में आगे की छापेमारी और पूछताछ जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version